54397
| |

धान की फसल चरने को लेकर दो पक्षों में मारपीट, SC/ST एक्ट के तहत मामला दर्ज

खबर को शेयर करें
54397

चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मझगांव प्रखंड अंतर्गत सोनपड़सा गांव में धान की फसल को छुट्टा मवेशियों द्वारा नुकसान पहुंचाने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

ग्रामीणों के अनुसार, पिछले कई दिनों से छुट्टा गाय-बैल खेतों में घुसकर धान की फसल को नुकसान पहुंचा रहे थे। बुधवार को कई एकड़ में लगी धान की फसल चर लिए जाने से किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने करीब आधा दर्जन बैलों को पकड़कर गांव के सामुदायिक भवन में बंद कर दिया।

इसका मवेशी मालिकों ने विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मामला मारपीट तक पहुंच गया और गांव में तनाव का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही मझगांव थाना प्रभारी धीरज कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को शांत कराया। इसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण थाना पहुंचे और मामले में कार्रवाई की मांग की।

जगन्नाथपुर एसडीपीओ राफेएल मुर्मू ने बताया कि मामले में SC/ST एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने 3 नामजद और 3 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। फिलहाल पूरे मामले की जांच की जा रही है।

घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस गांव में निगरानी कर रही है। प्रशासन ने दोनों पक्षों से शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही किसानों को फसलों की सुरक्षा और मवेशी मालिकों को अपने जानवरों को नियंत्रित रखने की सलाह दी गई है।