1000207454

10 साल से चला रही थी ब्राउन शुगर का कारोबार, रूबी देवी ने पूछताछ में किए कई बड़े खुलासे…

खबर को शेयर करें
1000207454

Jharkhand: रांची में ब्राउन शुगर कारोबार की मुख्य सरगना बनी रूबी देवी ने तीन दिनों की पुलिस पूछताछ में कई चौंकाने वाले राज खोले हैं। पुलिस के मुताबिक रूबी देवी पिछले 10 वर्षों से अपने मायके और ससुराल के सदस्यों के साथ मिलकर इस अवैध धंधे को पारिवारिक व्यवसाय की तरह चला रही थी।

रूबी देवी जो बिहार के सासाराम के कारगर गांव की रहने वाली है यूपी से ब्राउन शुगर लाकर उसमें नशीला पाउडर मिलाकर रांची में बेचती थी। पूछताछ में उसने बताया कि उसका भाई पिंटू साह बहनोई प्रिंस और देवर सूरज भी इस कारोबार में शामिल हैं। रांची पुलिस ने इन सभी को गिरफ्तार कर लिया है।

इनका नेटवर्क इतना मजबूत था कि राजधानी रांची के हर थाने क्षेत्र में ब्राउन शुगर बेचने वाले लोग उससे ही माल खरीदते थे। यहां तक कि इस धंधे का एक और बड़ा नाम कन्हैया भी उसी से ब्राउन शुगर लेकर अपने नेटवर्क के जरिए शहर में बेचता था। फिलहाल कन्हैया जेल में बंद है।

रूबी देवी के खिलाफ रांची के सुखदेवनगर, कोतवाली, लोअर बाजार, गोंदा, खेलगांव, पुंदाग और अरगोड़ा थानों में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार उसके घर पर अक्सर रांची के कई नशा कारोबारियों का जमावड़ा लगा रहता था।

जब पुलिस ने उसके खिलाफ कुर्की जब्ती की कार्रवाई शुरू की और अग्रिम जमानत की कोशिशें नाकाम हुईं तो रूबी ने आखिरकार 29 अप्रैल 2025 को रांची सिविल कोर्ट में सरेंडर कर दिया।