1000206917

झारखंड में कहर बनी बारिश!! घर गिरने से दंपति की मौत, पांच बच्चे हुए अनाथ…

खबर को शेयर करें
1000206917

Jharkhand: झारखंड में लगातार हो रही बारिश लोगों के लिए आफत बन गई है। कहीं पानी में डूबने का खतरा है तो कहीं जर्जर मकानों के ढहने से लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक हादसा हजारीबाग जिले के बरही प्रखंड के रसोइया धमना गांव में सामने आया है जहां सोमवार देर रात एक घर गिरने से पति-पत्नी की मलबे में दबकर मौत हो गई।

मृतकों की पहचान 51 वर्षीय हदीस अंसारी और उनकी 48 वर्षीय पत्नी जमीला खातून के रूप में हुई है। हादसे के समय दोनों गहरी नींद में थे जब अचानक उनका कच्चा मकान भरभरा कर गिर पड़ा। मलबा हटाने के बाद दोनों के शव निकाले गए। इस दर्दनाक हादसे ने उनके पांच बच्चों को अनाथ कर दिया जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है।

इसी तरह की एक और घटना कोडरमा जिले के डोमचांच प्रखंड से भी सामने आई है जहां रविवार को एक चाल धंसने से दो लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों मृतक अवैध तरीके से खदान में माइका का स्क्रैप चुनने गए थे। यह इलाका पहले भी इस तरह की दुर्घटनाओं का गवाह रह चुका है लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं होने से लोग जान जोखिम में डालकर खदानों में घुसते हैं।

झारखंड में मानसून का यह दौर लोगों की जान का दुश्मन बन गया है। प्रशासन की सुस्ती और खराब इंफ्रास्ट्रक्चर की वजह से हर साल सैकड़ों परिवार बारिश में उजड़ जाते हैं।