झारखंड में राशन कार्ड से हटाए गए 50 हजार मृत लोगों के नाम, अभी भी 2 लाख का सत्यापन बाकी…

Jharkhand: झारखंड में मृत लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाने की प्रक्रिया जारी है। केंद्र सरकार के निर्देश पर यह कार्रवाई की जा रही है। अब तक राज्य में करीब 50 हजार मृत लाभुकों के नाम राशन कार्ड से हटाए जा चुके हैं। राजधानी रांची में कुल 21,171 मृत लाभुकों की पहचान की गई है जिनमें से 4500 के नाम हटाए जा चुके हैं।
गौरतलब है कि मई 2024 में केंद्र सरकार ने झारखंड सरकार को 2 लाख 54 हजार 857 मृत लाभुकों की सूची सौंपी थी और सत्यापन के बाद उनके नाम हटाने का निर्देश दिया था। फिलहाल लगभग 2 लाख मृत लाभुकों का सत्यापन अब भी बाकी है।
सरकारी आंकड़ों के अनुसार, इन मृत लाभुकों के नाम पर हर महीने लगभग 10 लाख किलोग्राम राशन का उठाव हो रहा है। गृहस्थ योजना के तहत प्रत्येक पात्र सदस्य को 5 किलोग्राम खाद्यान्न निशुल्क दिया जा रहा है। यह योजना जनवरी 2023 से लागू है।
सरकार की कोशिश है कि मृत लोगों के नाम पर राशन का दुरुपयोग रोका जाए और वास्तविक पात्र लोगों को ही इसका लाभ मिले।