1000206745

झारखंड में आफत बनकर बरस रहा मानसून, रांची सहित कई जिलों में भारी बारिश से जनजीवन बेहाल 7 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने का अलर्ट…

खबर को शेयर करें
1000206745

Jharkhand: झारखंड में मानसून ने रविवार को जबरदस्त कहर मचाया। राजधानी रांची सहित कई जिलों में हुई तेज बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। शहर की सड़कों पर पानी भर गया घरों और मंदिरों में पानी घुस गया और कई गाड़ियां पानी में डूब गईं। जलजमाव के कारण वाहनों की आवाजाही घंटों ठप रही।

ग्रामीण इलाकों में धान और सब्जी की खेती को भारी नुकसान पहुंचा है। खेतों में एक से डेढ़ फीट तक पानी भर गया है। लोगों ने नगर निगम पर नाली सफाई में लापरवाही का आरोप लगाया और कहा कि हर साल यही हाल होता है लेकिन कोई सुधार नहीं होता।

शहर के कोकर, बरियातू, हरमू, धुर्वा, हिंदपीढ़ी, अरगोड़ा और डोरंडा जैसे इलाकों में घरों, मंदिरों और स्कूलों में बारिश का पानी घुस गया। स्वर्णरेखा नदी ने निवारणपुर इलाके में उफान ले लिया। तारानगर के पंच मंदिर समेत कई धार्मिक स्थलों में पानी भर गया। श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर और माहेश्वरी भवन में गंदे नाले का पानी घुस गया जिससे श्रद्धालुओं को भारी परेशानी हुई।

सरकारी बस स्टैंड और रांची रेलवे स्टेशन पर भी बारिश का पानी भर गया जिससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चारों तरफ गंदगी और बदबू फैल गई है।

मौसम विभाग ने 26 जून तक भारी बारिश, वज्रपात और तेज हवाओं का यलो अलर्ट जारी किया है।

23 जून को देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद और गिरिडीह में भारी बारिश और बिजली गिरने की आशंका है। 24 और 25 जून को पूर्वी-पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला, पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा में भारी बारिश का खतरा बताया गया है। 26 जून को पूरे राज्य में मेघगर्जन और वज्रपात की चेतावनी है।

IMD के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा लेकिन 25 से 27 जून के बीच तापमान में 3-4 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

रविवार को दुमका में सबसे ज्यादा 37.2 मिमी बारिश दर्ज की गई। पाकुड़ में अधिकतम तापमान 36.9°C और रांची के नामकुम में न्यूनतम तापमान 22°C रिकॉर्ड किया गया।