TOTO 27 6

झारखंड में मानसून का कहर, कई जिलों में रेड अलर्ट…

खबर को शेयर करें

झारखंड: झारखंड में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने जोरदार दस्तक दी है। राज्य के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने शुक्रवार को कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने तेज हवाओं और भारी बारिश की चेतावनी दी है, जिसे देखते हुए प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क हो गया है।

जमशेदपुर में भी पिछले 24 घंटे से रुक-रुक कर तेज बारिश हो रही है। शहर के कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन गई है, जिससे ट्रैफिक प्रभावित हुआ है और कुछ जगहों पर पेड़ गिरने की घटनाएं भी सामने आई हैं। मानगो, साकची, बारीडीह और कदमा जैसे निचले इलाकों में पानी भर गया है। नगर निगम की टीम राहत कार्यों में जुटी है।मौसम विभाग के अनुसार गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार जिलों में शुक्रवार को जोरदार बारिश के आसार हैं, जिसके लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर और दुमका जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।

इन जिलों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और वज्रपात की संभावना जताई गई है।भारी बारिश को देखते हुए रांची, खूंटी और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में केजी से लेकर 12वीं तक के सभी स्कूल शुक्रवार को बंद कर दिए गए हैं। पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां जिलों में 8वीं तक की कक्षाएं स्थगित की गई हैं।मौसम विभाग ने बताया है कि राज्य में 20 जून तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे अत्यावश्यक स्थिति में ही घर से बाहर निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। जमशेदपुर में भी बिजली गिरने और पेड़ गिरने जैसी घटनाओं की आशंका को देखते हुए प्रशासन अलर्ट मोड में है।