झारखंड में चार कोल ब्लॉक जल्द होंगे शुरू, आर्थिक गतिविधियों में आएगी तेजी
झारखंड में जल्द ही चार कोल ब्लॉक का संचालन शुरू होने जा रहा है। इन कोल ब्लॉकों में पलामू का राजहारा, लातेहार का तुबेद, हजारीबाग का बादम और मोइत्रा शामिल हैं। इसके साथ ही, राज्य में नौ अन्य कोल ब्लॉकों के संचालन में आ रही समस्याओं का समाधान भी कर लिया गया है, जिससे निकट भविष्य में इनसे भी खनन शुरू होने की संभावना है। मुख्य सचिव अलका तिवारी ने कोल ब्लॉकों की प्रगति को लेकर अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा आवंटित सभी 34 कोल ब्लॉकों के जल्द से जल्द संचालन सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोल ब्लॉकों के सक्रिय होने से रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे और राज्य के राजस्व में वृद्धि होगी। मुख्य सचिव ने सभी संबंधित पक्षों को इन कार्यों को युद्धस्तर पर पूरा करने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में पाया गया कि अधिकांश कोल ब्लॉकों के संचालन में जमीन अधिग्रहण, मुआवजा, वन मंजूरी, भूमि हस्तांतरण और नदियों व सड़कों जैसी भौगोलिक बाधाओं से संबंधित समस्याएं हैं। कुछ क्षेत्रों में विधि व्यवस्था की भी चुनौतियां सामने आई हैं। मुख्य सचिव ने संबंधित जिलों के उपायुक्तों को इन समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पलामू, लातेहार और हजारीबाग जिलों में स्थित चार कोल ब्लॉक अब खनन के लिए तैयार हैं और एक सप्ताह के भीतर ऑपरेशनल हो जाएंगे। अन्य नौ कोल ब्लॉकों की समस्याएं भी लगभग हल हो चुकी हैं, जिनसे जल्द खनन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। बाकी बचे कोल ब्लॉकों के संचालन में आ रही बाधाओं को भी जल्द से जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया है।