53656

जामताड़ा में शादी की खुशियां मातम में बदलीं, वज्रपात से दो की मौत; दो गंभीर घायल

खबर को शेयर करें
53656

जामताड़ा: जिले के बिंदापाथर थाना क्षेत्र स्थित चरकादाहा गांव में बुधवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। शादी समारोह में शामिल होने पहुंचे चार लोग वज्रपात की चपेट में आ गए, जिसमें दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों का इलाज जामताड़ा सदर अस्पताल में चल रहा है।

जानकारी के अनुसार, चरकादाहा गांव में एक शादी समारोह आयोजित था। देर रात अचानक तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने के लिए चारों लोग पास में स्थित एक मिट्टी के घर के किनारे खड़े हो गए। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उस घर पर गिर गई, जिससे वहां मौजूद सभी लोग इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को तत्काल जामताड़ा सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।

घटना के बाद पूरे गांव में मातम का माहौल है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी।

प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों और कच्चे मकानों के पास खड़े होने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है, ताकि वज्रपात जैसी घटनाओं से बचा जा सके।