झारखंड में मौसम लेगा यू-टर्न, उमस से मिलेगी राहत; IMD ने बारिश, तेज आंधी और वज्रपात का अलर्ट किया जारी

झारखंड के लोगों के लिए राहत भरी खबर है। पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी झेल रहे लोगों को अब जल्द राहत मिल सकती है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने झारखंड समेत देश के 16 राज्यों में अगले दो दिनों के भीतर मौसम में बड़ा बदलाव होने का पूर्वानुमान जारी किया है। इस दौरान राज्य के कई हिस्सों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।
फिलहाल झारखंड के अधिकांश जिलों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान सामान्य से 1 से 4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है। सुबह से ही तेज धूप, उमस और हवा में नमी के कारण लोगों को गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि जल्द ही मौसम का मिजाज बदलने वाला है।
रांची मौसम केंद्र के प्रमुख वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, पिछले 24 घंटों के दौरान मानसून की गतिविधियां कुछ कमजोर पड़ी थीं, लेकिन अब अगले कुछ दिनों में मानसून के दोबारा सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य में व्यापक बारिश हो सकती है और अगले तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने के संकेत हैं।
मौसम विभाग ने आज और कल के लिए तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर विशेष अलर्ट जारी किया है। लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है। वहीं, किसानों और खुले क्षेत्रों में काम करने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, अगले दो दिनों में झारखंड में मानसून पूरी तरह सक्रिय हो सकता है, जिससे राज्य के कई जिलों में झमाझम बारिश होने की संभावना है और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलेगी।


