53496

UPSC प्रीलिम्स पास अभ्यर्थियों को मिलेगा ₹1 लाख, जानिए कोल इंडिया की NIRMAN-2026 स्कॉलरशिप योजना की पूरी जानकारी

खबर को शेयर करें
53496

सिविल सेवा परीक्षा (UPSC) की तैयारी कर रहे प्रतिभाशाली लेकिन आर्थिक रूप से कमजोर अभ्यर्थियों के लिए कोल इंडिया लिमिटेड (CIL) ने NIRMAN-2026 (Noble Initiative for Rewarding Mains Aspirants of National Civil Services Examination) योजना शुरू की है। इस योजना के तहत UPSC सिविल सेवा एवं भारतीय वन सेवा (IFoS) की प्रारंभिक परीक्षा (Prelims) पास करने वाले पात्र उम्मीदवारों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी।

योजना का उद्देश्य ऐसे युवाओं को मुख्य परीक्षा (Mains) और इंटरव्यू की तैयारी में आर्थिक मदद देना है, ताकि पैसों की कमी उनके सपनों के बीच बाधा न बने।

कौन कर सकता है आवेदन?

NIRMAN-2026 योजना का लाभ लेने के लिए उम्मीदवार को निम्नलिखित शर्तें पूरी करनी होंगी—

UPSC CSE/IFoS Prelims 2026 पास किया हो।

परिवार की वार्षिक आय ₹8 लाख से कम हो।

उम्मीदवार कोल इंडिया के संचालन वाले राज्यों का स्थायी निवासी हो।

उम्मीदवार या उसके माता-पिता कोल इंडिया अथवा उसकी सहायक कंपनियों के कर्मचारी नहीं होने चाहिए।

केंद्र सरकार, राज्य सरकार, केंद्रशासित प्रदेश प्रशासन या सार्वजनिक उपक्रमों (PSU) के स्थायी कर्मचारी पात्र नहीं होंगे।

NIRMAN 2024 या 2025 का लाभ लेने वाले अभ्यर्थी दोबारा आवेदन नहीं कर सकेंगे।

किन राज्यों के उम्मीदवार पात्र हैं?

यह योजना कोल इंडिया के संचालन क्षेत्रों से जुड़े आठ राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए है। इनमें—

झारखंड

पश्चिम बंगाल

छत्तीसगढ़

ओडिशा

मध्य प्रदेश

महाराष्ट्र

उत्तर प्रदेश

असम

शामिल हैं।

कितनी मिलेगी सहायता राशि?

चयनित उम्मीदवारों को एकमुश्त ₹1 लाख की वित्तीय सहायता दी जाएगी। यह राशि कोचिंग फीस, किताबें खरीदने, टेस्ट सीरीज, किराया और अन्य शैक्षणिक खर्चों में उपयोग की जा सकती है।

कैसे करें आवेदन?

कोल इंडिया आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही अपने आधिकारिक NIRMAN पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन लिंक सक्रिय करेगा। उम्मीदवारों को कोल इंडिया की वेबसाइट या NIRMAN पोर्टल पर जाकर आवेदन करना होगा। आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन स्वीकार किए जाएंगे और सभी आवश्यक दस्तावेज अपलोड करना अनिवार्य होगा।

कौन-कौन से दस्तावेज लगेंगे?

UPSC प्रीलिम्स क्वालिफाई करने का प्रमाण

निवास प्रमाण पत्र

आय प्रमाण पत्र

पहचान पत्र

बैंक खाता विवरण

पासपोर्ट साइज फोटो एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज

क्यों खास है यह योजना?

हर साल लाखों युवा UPSC परीक्षा में शामिल होते हैं, लेकिन आर्थिक कारणों से कई प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों को मुख्य परीक्षा की तैयारी में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। ऐसे में कोल इंडिया की NIRMAN योजना योग्य उम्मीदवारों को आर्थिक संबल देकर उनके IAS, IPS और अन्य सिविल सेवाओं के सपनों को साकार करने में मदद कर रही है। पिछले वर्षों में इस योजना से लाभान्वित कई उम्मीदवार UPSC के अंतिम चयन तक पहुंच चुके हैं।