1000274307

JHARKHAND : जमशेदपुर के गुलमोहर हाई स्कूल की अनूठी पहल गुलमोहर स्टार्टअप स्टूडियो का शुभारंभ अब स्कूल से तैयार होंगे भविष्य के उद्यमी

खबर को शेयर करें
1000274307

JAMSHEDPUR : झारखंड में विद्यालयी शिक्षा को नई दिशा देने की पहल करते हुए जमशेदपुर के गुलमोहर हाई स्कूल ने गुलमोहर स्टार्टअप स्टूडियो एंटरप्रेन्योरशिप एंड इनोवेशन प्रोग्राम 2026 की शुरुआत की है। यह झारखंड का अपनी तरह का पहला विद्यालय आधारित कार्यक्रम है जहां विद्यार्थियों को उद्यमिता का केवल सैद्धांतिक ज्ञान ही नहीं बल्कि वास्तविक स्टार्टअप स्थापित करने और संचालित करने का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।

इस अभिनव पहल की परिकल्पना विद्यालय की प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने की है। नई शिक्षा नीति (एनईपी-2020) के अनुरूप तैयार किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में उद्यमशील सोच नवाचार नेतृत्व क्षमता वित्तीय साक्षरता डिज़ाइन थिंकिंग समस्या समाधान और निर्णय लेने की क्षमता विकसित करना है ताकि वे भविष्य में नौकरी तलाशने वाले नहीं बल्कि रोजगार सृजित करने वाले बन सकें।

कार्यक्रम की सबसे बड़ी विशेषता इसका स्कूल एलुमनी कोलैबोरेशन मॉडल है। इसके तहत विद्यालय के सफल पूर्व छात्र विद्यार्थियों के मेंटर बनकर उनका मार्गदर्शन करेंगे। साथ ही उद्योग जगत के विशेषज्ञ स्टार्टअप संस्थापक और निवेशक समय-समय पर छात्रों से संवाद कर उन्हें वास्तविक कारोबारी दुनिया का अनुभव देंगे।

कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्या प्रीति सिन्हा उप-प्राचार्या अर्चना श्रीवास्तव शिक्षकगण छात्र-छात्राओं और विद्यालय के प्रतिष्ठित पूर्व छात्रों की उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर प्राचार्या प्रीति सिन्हा ने कहा कि उद्यमिता केवल व्यवसाय शुरू करना नहीं बल्कि समस्याओं का अभिनव समाधान विकसित करना और समाज के लिए मूल्य सृजित करना है। उन्होंने कहा कि गुलमोहर स्टार्टअप स्टूडियो विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें वास्तविक उद्यम में बदलने का मंच देगा।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता वर्ष 1996 बैच के पूर्व छात्र एवं बुक माय जेट के संस्थापक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी संतोष शर्मा थे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सफल उद्यमी वही बनता है जो जिज्ञासु हो चुनौतियों से न डरे और असफलताओं से सीखते हुए आगे बढ़े। उन्होंने विद्यार्थियों को नवाचार और आत्मविश्वास के साथ अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया।

इस दौरान वर्ष 2026 बैच के पूर्व छात्र आशुतोष और वर्ष 2024 बैच के छात्र वैभव कर्ण जो वर्तमान में बीआईटी सिंदरी में अध्ययनरत हैं ने भी अपने अनुभव साझा करते हुए तकनीकी शिक्षा के साथ उद्यमशील सोच के महत्व पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम के तहत पहला स्टार्टअप हैंडक्राफ्टेड एंड सस्टेनेबल ज्वेलरी पर आधारित शुरू किया गया है। इस परियोजना के माध्यम से विद्यार्थी उत्पाद निर्माण ब्रांडिंग मूल्य निर्धारण विपणन वित्तीय योजना ग्राहक संवाद और बिक्री तक स्टार्टअप की पूरी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त करेंगे। साथ ही सतत विकास पर्यावरण संरक्षण और उत्तरदायी व्यवसाय के सिद्धांतों को भी व्यवहारिक रूप से सीखेंगे।

विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि यह पहल आने वाले समय में विद्यार्थियों को नवाचार नेतृत्व और उद्यमिता के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी तथा गुलमोहर हाई स्कूल को शिक्षा के साथ-साथ स्टार्टअप संस्कृति को बढ़ावा देने वाले अग्रणी संस्थानों में शामिल करेगी।