कपाली फॉरेस्ट में पेड़ से लटका मिला अज्ञात महिला का शव, बच्चों की सूचना पर पहुंचे पुलिस और लोग, जांच शुरू

कपाली फॉरेस्ट इलाके से मंगलवार सुबह एक अज्ञात महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। महिला का शव जंगल के बीच एक पेड़ से काले रंग के कपड़े के सहारे लटका हुआ मिला। घटना की जानकारी उस समय सामने आई, जब कुछ बच्चे फॉरेस्ट इलाके में खेलने पहुंचे। खेलते-खेलते उनकी नजर पेड़ से लटके शव पर पड़ी। यह भयावह दृश्य देखते ही बच्चे घबरा गए और दौड़कर आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जुटने लगी। सुबह से लगातार हो रही तेज बारिश के कारण फॉरेस्ट इलाके में लोगों की आवाजाही काफी कम थी, जिसके चलते शव पर किसी की नजर पहले नहीं पड़ी थी। सूचना के बाद लोगों ने मौके पर पहुंचकर देखा कि महिला का शव पेड़ से लटका हुआ है जिसके बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है। घटनास्थल की परिस्थितियों और शव के लटकने की स्थिति को देखते हुए मामला संदिग्ध भी माना जा रहा है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
वहीं समाचार लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। फॉरेस्ट इलाके में पहुंचे स्थानीय लोगों में भी कोई महिला को पहचान नहीं सका। पुलिस आसपास के थानों से गुमशुदगी के मामलों का मिलान करने के साथ-साथ महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है। मामले की वास्तविक वजह पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।


