WhatsApp Image 2025 01 07 at 11.15.35 AM

मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना के तहत 56,61791 महिलाओं के बैंक खातों में भेजे गए 2500 रुपये

खबर को शेयर करें

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने झारखंड के नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना के तहत 56 लाख 61 हज़ार 791 महिलाओं के बैंक खातों में 1,415 करोड़ 44 लाख 77 हज़ार रुपये डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित किए। इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य के विकास में महिलाओं की भूमिका को नई दिशा देने का संकल्प दोहराया। उन्होंने वादा पूरा करते हुए घोषणा की कि सम्मान राशि को दिसंबर माह से 1,000 रुपये से बढ़ाकर 2,500 रुपये कर दिया गया है, जिसकी पहली किस्त महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जा चुकी है। मुख्यमंत्री ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि यह योजना उन्हें स्वावलंबी बनाने और राज्य के आर्थिक विकास में उनकी भागीदारी को सशक्त करेगी।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर गर्व जताते हुए कहा कि हमारी महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना पूरे देश में चर्चा का विषय बन चुकी है और कई राज्य इसे रोल मॉडल के रूप में अपना रहे हैं। उन्होंने विश्वास प्रकट किया कि यह योजना महिलाओं को समाज और राज्य में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में निर्णायक भूमिका निभाएगी। मुख्यमंत्री ने आभार प्रकट करते हुए कहा कि जनता के आशीर्वाद और विश्वास ने हमें नई ऊर्जा और ताकत दी है। हमारी सरकार महिलाओं के मान-सम्मान और आत्मनिर्भरता को सुनिश्चित करने के लिए कृतसंकल्पित है। यह योजना महिलाओं के सपनों को साकार करने, परिवार के साथ राज्य की समृद्धि को बढ़ावा देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने का माध्यम बनेगी।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि राज्य के संसाधनों से अन्य राज्य लाभान्वित हो रहे हैं, जबकि झारखंड के लोग आज भी गरीबी, बेरोजगारी और पलायन जैसी चुनौतियों से जूझ रहे हैं। उन्होंने दृढ़ता से कहा कि पिछड़ापन अब इस राज्य की पहचान नहीं रहेगा। जब तक पुरुष और महिलाएं कंधे से कंधा मिलाकर काम नहीं करेंगे, राज्य और देश प्रगति नहीं कर सकते। महिलाओं के बिना कोई भी विकास अधूरा है। मुख्यमंत्री मंइयाँ सम्मान योजना महिलाओं को न केवल आर्थिक रूप से मजबूत बनाएगी बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता का सशक्त आधार भी प्रदान करेगी।