दुर्गा पूजा में मिला सोने का लॉकेट लौटाकर पेश की ईमानदारी की मिसाल, हिन्द क्लब ने दो सदस्यों को किया सम्मानित

जमशेदपुर: ईमानदारी आज भी समाज में जिंदा है और इसकी एक मिसाल हिन्द क्लब के दो सदस्यों ने पेश की है। श्री दुर्गा पूजा की नवमी के अवसर पर एक श्रद्धालु का सोने का लॉकेट खो गया था। यह लॉकेट हिन्द क्लब के जूनियर सदस्य प्रतीक रजक और सीनियर सदस्य प्रवीण कुमार को मिला। दोनों ने बिना किसी लालच के लॉकेट क्लब के अध्यक्ष को सौंप दिया, ताकि उसे उसके असली मालिक तक पहुंचाया जा सके।

दोनों सदस्यों की इस ईमानदारी और नेक पहल को सम्मान देने के लिए गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को शाम 6:30 बजे हिन्द क्लब के प्रांगण में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान क्लब के अध्यक्ष नंदजी प्रसाद की अध्यक्षता में प्रतीक रजक और प्रवीण कुमार को अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई।
कार्यक्रम का शुभारंभ वर्मा प्रसाद ने किया, जबकि नीरज पांडेय ने धन्यवाद ज्ञापन किया। इस अवसर पर कदमा मंडल के महामंत्री राजू सिंह सहित क्लब के कई सदस्य मौजूद रहे।
कार्यक्रम में बिच्छा राव, ज्योति दुबे, अजय सिंह, आशीष राव, जितेन्द्र प्रसाद, रॉकी सिंह, राजू गुप्ता, सुधीर कुमार, रोहित कुमार, सरबजीत सिंह, अनमोल जायसवाल, निखिल कुमार, आदर्श जायसवाल, विकास कुमार यादव और संगीत सोनकर उपस्थित रहे।
हिन्द क्लब की ओर से दोनों सदस्यों के इस कार्य की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायक बताया गया।


