IMG 9441

बागबेड़ा में हथियार के साथ दो बदमाश गिरफ्तार, बड़ी वारदात की थी तैयारी

खबर को शेयर करें
IMG 9441

जमशेदपुर के बागबेड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने समय रहते कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तुरंत छापेमारी की और दो आरोपियों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार किए गए लोगों की पहचान आदित्यपुर निवासी मंगल मंडी और सुंदरनगर निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उनके पास से एक देसी पिस्तौल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और एक स्कूटी बरामद की गई।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सूचना मिलने के बाद एक विशेष टीम बनाई गई थी। टीम ने नागाडीह मैदान के पास कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में पुलिस को कई महत्वपूर्ण जानकारियां मिली हैं।

जांच में यह भी सामने आया है कि मंगल मंडी के खिलाफ पहले से कई गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। उस पर हत्या, हत्या की साजिश, आर्म्स एक्ट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे संगीन आरोपों से जुड़े मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वे किस वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे थे और उनके साथ कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं।