चांडिल में दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर, स्वास्थ्यकर्मी समेत दो घायल, एक की हालत गंभीर

सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। ओल्ड एनएच पर साधन होटल और नए रेलवे अंडरपास के बीच टार्जन गैरेज के पास दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में स्वास्थ्य विभाग के एक कर्मी समेत दो युवक घायल हो गए। इनमें से एक युवक की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घायलों में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी संतोष सिंह शामिल हैं, जबकि दूसरे घायल युवक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। टक्कर इतनी तेज थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही सामाजिक कार्यकर्ता और “हाइवे किंग” के नाम से प्रसिद्ध शेखर गांगुली मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए दोनों घायलों को अपने वाहन से चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां दोनों का इलाज शुरू किया गया।
डॉक्टरों के अनुसार अज्ञात घायल युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर करने की तैयारी की जा रही है। वहीं स्वास्थ्यकर्मी संतोष सिंह की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई गई है।
स्थानीय लोगों ने शेखर गांगुली की त्वरित मदद और मानव सेवा की भावना की सराहना करते हुए कहा कि वे पहले भी कई सड़क हादसों में घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाकर उनकी जान बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं।

