गृहरक्षक पर चाकू से हमला कर स्कूटी लूटने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने बरामद की लूटी गई स्कूटी

राजधानी रांची के चुटिया थाना क्षेत्र स्थित पंचवटी चौक के पास गृहरक्षक पर चाकू से हमला कर स्कूटी लूटने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोनाहातु के चौकाहातु निवासी सुखेदव गंझू और अभिषेक मुण्डा के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार 25 मई की रात करीब 2:30 बजे गृहरक्षक गणेश राम अपनी स्कूटी से जा रहे थे। वह उस समय सादे कपड़ों में थे और उनकी वर्दी स्कूटी की डिक्की में रखी हुई थी। पंचवटी चौक के पास दो बदमाशों ने उन्हें रोक लिया और चाकू से हमला कर उनकी स्कूटी लूट ली। इसके बाद आरोपी उन्हें काली मंदिर के सामने सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
घटना के बाद चुटिया थाना में मामला दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए सिटी एसपी पारस राणा के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी जांच और गुप्त सूचना के आधार पर दो संदिग्धों तक पहुंची।
पुलिस ने सुखेदव गंझू और अभिषेक मुण्डा को हिरासत में लेकर पूछताछ की जिसमें दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उनकी निशानदेही पर पुलिस ने लूटी गई स्कूटी, घटना में इस्तेमाल चाकू और दो मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपियों ने लूटी गई स्कूटी का रंग-रूप बदल दिया था और उस पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी थी ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है और उनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।


