50295

एनएच-33 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से ट्रक चालक की मौत, परिवार में मचा कोहराम…

खबर को शेयर करें
50295

जमशेदपुर: एमजीएम थाना क्षेत्र के गुरमा गांव स्थित चांदनी चौक एनएच-33 पर अज्ञात वाहन की चपेट में आने से एक ट्रक चालक की मौत हो गई। मृतक की पहचान विनेश यादव (52) के रूप में हुई है जो मूल रूप से बिहार के औरंगाबाद जिले का निवासी था और वर्तमान में अपने परिवार के साथ घाटशिला में रह रहा था।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, विनेश यादव ट्रक चालक थे और सोमवार रात टाटा से माल खाली कर घाटशिला लौट रहे थे। रास्ते में वे गुरमा स्थित चांदनी चौक के पास हाईवे किनारे खाना खाने के लिए रुके थे। इसी दौरान सड़क पार कर एक लाइन होटल की ओर जाने के क्रम में किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।

मृतक के एक साथी चालक ने बताया कि घटना के बाद उनसे संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने विनेश यादव को सड़क किनारे गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी।

सूचना मिलते ही एमजीएम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल चालक को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना की जानकारी परिजनों को दी।

बताया जाता है कि मृतक अपने पीछे पत्नी समेत चार बच्चों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

फिलहाल एमजीएम थाना पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।