भरत तिवारी एनकाउंटर मामले में जमशेदपुर में श्रद्धांजलि सभा, निष्पक्ष जांच की मांग

बिहार के भोजपुर में हुए कथित भारत तिवारी एनकाउंटर को लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिल रही है। इसी मुद्दे पर जमशेदपुर के साकची गोलचक्कर में एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए और भारत तिवारी को श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने दो मिनट का मौन रखकर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। वक्ताओं ने कहा कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए ताकि सभी तथ्यों की सही जानकारी सामने आ सके। उनका कहना था कि घटना से जुड़े कई सवाल अभी भी लोगों के मन में हैं, जिनका जवाब मिलना जरूरी है।
कार्यक्रम में शामिल लोगों ने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति पर आरोप हैं तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन हर मामले में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखना उतना ही आवश्यक है। लोगों ने तख्तियां लेकर शांतिपूर्ण तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया और न्याय की मांग की।
सभा के अंत में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर कहा कि जब तक मामले की निष्पक्ष जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक वे लोकतांत्रिक और शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाते रहेंगे। लोगों ने उम्मीद जताई कि जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी और न्याय सुनिश्चित होगा।

