Jamshedpur Kuber Ka Khajana : बिष्टुपुर में कुबेर का खजाना कार्यक्रम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ राज दीदी ने सकारात्मक सोच और समृद्ध जीवन का दिया संदेश

JAMSHEDPUR : बिष्टुपुर स्थित नरभेराम हंसराज इंग्लिश स्कूल में रविवार को आयोजित विश्वविख्यात लाइफ ट्रांसफॉर्मेशनल स्पीकर राज दीदी के विशेष प्रेरणादायी सत्र कुबेर का खजाना में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं और श्रोताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। टाटानगर नारायण रेकी सत्संग परिवार की ओर से सेंटर हेड प्रीति सुल्तानिया और उमा सुल्तानिया की देखरेख में आयोजित इस कार्यक्रम में पूरे समय आध्यात्मिक और सकारात्मक माहौल बना रहा।
राज दीदी ने अपने सहज प्रभावशाली और ऊर्जावान संबोधन से उपस्थित लोगों को जीवन में सकारात्मक सोच आत्मविश्वास और समृद्धि के महत्व से अवगत कराया। उनके विचारों से प्रभावित श्रोता पूरे सत्र के दौरान भावविभोर होकर उन्हें सुनते रहे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद भी लोगों में उनके विचारों को और सुनने की उत्सुकता बनी रही।
कार्यक्रम के दौरान प्रेम अपनत्व और मधुर संबंधों के महत्व पर भी विशेष जोर दिया गया। राज दीदी ने धन के प्रति संतुलित और जागरूक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश देते हुए जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने के लिए प्रेरित किया। उनके संबोधन ने उपस्थित लोगों में नई ऊर्जा और आत्मविश्वास का संचार किया।
सत्र के समापन पर श्रद्धालुओं ने राज दीदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रेरणादायी और जीवन में नई दिशा देने वाला कार्यक्रम बताया। वहीं आयोजन की सफल और सुव्यवस्थित व्यवस्था के लिए टाटानगर नारायण रेकी सत्संग परिवार की भी सराहना की गई।

