रामगढ़ में दर्दनाक सड़क हादसा: मुहर्रम से लौट रहे 7 लोगों की मौके पर मौत, कोयला लदे ट्रक से हुई भीषण टक्कर

झारखंड के रामगढ़ जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मुहर्रम कार्यक्रम से लौट रहे ताशा दल के सदस्यों से भरी एक पिकअप वाहन की कोयला लदे ट्रक से आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई। इस दर्दनाक हादसे में 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को बेहतर इलाज के लिए रांची रेफर किया गया है।
यह हादसा गुरुवार देर रात रामगढ़-बोकारो मुख्य मार्ग पर लारी गांव के पास हुआ। जानकारी के अनुसार ताशा दल के सदस्य सांस्कृतिक कार्यक्रम समाप्त होने के बाद अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने उनकी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए और सात लोगों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल रामगढ़ सदर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे रांची रेफर कर दिया।
पुलिस के मुताबिक हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। ट्रक को जब्त कर लिया गया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतकों में दो लोग रजरप्पा थाना क्षेत्र के मारंगमरचा गांव तथा पांच लोग कुजू के बलसगरा गांव के निवासी थे। सभी की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच बताई जा रही है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद दोनों गांवों में मातम का माहौल है। एक साथ सात लोगों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

