JHARKHAND: जमशेदपुर में दर्दनाक सड़क हादसा बिजली के पोल से टकराई बाइक 18 वर्षीय युवक की मौत

JAMSHEDPUR : बागबेड़ा थाना क्षेत्र के कांचा मैदान के पास शनिवार देर शाम हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में 18 वर्षीय युवक की मौत हो गई जबकि उसका साथी घायल हो गया। मृतक की पहचान परसुडीह के नीमटोला निवासी तीलू प्रधान के रूप में हुई है। वह बागबेड़ा डीबी रोड स्थित एक मुर्गा दुकान में काम करता था।
जानकारी के अनुसार तीलू प्रधान अपने साथी राजेश हेम्ब्रम के साथ बाइक से कमालपुर स्थित अपनी बड़ी बहन के घर जा रहा था। इसी दौरान कांचा मैदान के समीप बाइक अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीलू गंभीर रूप से घायल हो गया जबकि राजेश को हल्की चोटें आईं।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने तीलू का इलाज शुरू किया लेकिन गंभीर चोटों के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। घटना की सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
युवा की असमय मौत से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस के अनुसार शुरुआती जांच में हादसे की वजह बाइक का संतुलन बिगड़ना प्रतीत हो रही है। हालांकि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

