हजारीबाग के बरही में एक ही रात तीन दुकानों में चोरी, नकदी, लैपटॉप समेत हजारों की संपत्ति ले उड़े चोर

हजारीबाग: जिले के बरही थाना क्षेत्र में चोरों ने एक ही रात तीन अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाते हुए चोरी की बड़ी वारदात को अंजाम दिया। बदमाश टीन की छत काटकर दुकानों के अंदर घुसे और नकदी, लैपटॉप समेत हजारों रुपये की संपत्ति लेकर फरार हो गए। एक ही रात में एक जैसे तरीके से हुई तीन चोरी की घटनाओं के बाद पुलिस को किसी संगठित गिरोह की संलिप्तता की आशंका है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे तो टीन की छत कटी देखकर उनके होश उड़ गए। पहली घटना बरहीडीह मोड़ स्थित यूनियन बैंक ग्राहक सेवा केंद्र में हुई, जिसका संचालन अनिता देवी करती हैं। इसके बगल में स्थित प्रज्ञा केंद्र को भी चोरों ने निशाना बनाया। वहीं तीसरी चोरी धनबाद रोड स्थित भगवती मंदिर मोड़ के पास एक जनरल स्टोर में हुई।
ग्राहक सेवा केंद्र की संचालिका अनिता देवी ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 35 हजार रुपये नकद और एक लैपटॉप चोरी हो गया। वहीं प्रज्ञा केंद्र संचालक मुकेश चौधरी के अनुसार उनकी दुकान से करीब 15 हजार रुपये नकद गायब हैं।
इधर जनरल स्टोर संचालक संजय कुमार यादव ने बताया कि उनकी दुकान से करीब 20 हजार रुपये नकद, लगभग 10 हजार रुपये मूल्य के सौंदर्य प्रसाधन, घरेलू सामान, सिगरेट और अन्य सामग्री चोरी कर ली गई।
घटना की सूचना मिलते ही बरही थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों का कहना है कि तीनों घटनाओं में चोरी का तरीका एक जैसा है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि इन वारदातों के पीछे एक ही गिरोह का हाथ हो सकता है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।

