जमशेदपुर में चोरों का आतंक! डिमना में एक ही रात में 12 दुकानों के ताले तोड़कर 2 लाख की चोरी…

जमशेदपुर में चोरों के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि इसका एक और बड़ा नतीजा सामने आया है। एक ही रात में 12 दुकानों के ताले तोड़ दिए गए करीब 2 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया गया और हैरानी की बात यह है कि पुलिस को इसकी भनक तक नहीं लगी।

कल देर रात राजस्थान भवन के पास चोरों ने एक-एक कर करीब 12 दुकानों के ताले तोड़े और अंदर घुसकर नकदी व कीमती सामान पर हाथ साफ कर दिया। शुरुआती आकलन के मुताबिक करीब 2 लाख रुपये के सामान की चोरी हुई है हालांकि दुकानदार अभी भी नुकसान का पूरा हिसाब लगा रहे हैं

घटना की जानकारी मिलते ही सुबह दुकानदारों की भीड़ मौके पर जुट गई। व्यापारियों में इस घटना को लेकर भारी नाराजगी देखने को मिली। उनका कहना है कि पुलिस हर रात गश्त करने का दावा करती है लेकिन इसके बावजूद एक ही रात में 12 दुकानों के ताले टूट जाना सुरक्षा व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। दुकानदारों का आरोप है कि चोरों के मन में अब पुलिस का कोई डर नहीं रह गया है तभी वे लगातार बेखौफ होकर चोरी की वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि पिछले एक महीने यानी करीब चार सप्ताह से इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं हो रही हैं। लगभग हर दिन कोई न कोई दुकान चोरों का निशाना बन रही है लेकिन अब तक इन घटनाओं पर प्रभावी रोक नहीं लग पाई है।

