चीनी BAT-BMS ऐप से बीच सड़क ई-रिक्शा बंद होने के वायरल दावे..क्या इलेक्ट्रिक स्कूटर और कार भी हैं खतरे में? जानिए पूरी सच्चाई

सोशल मीडिया पर BAT-BMS ऐप से ई-रिक्शा बंद करने के वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। हालांकि विशेषज्ञों के मुताबिक यह खतरा सभी इलेक्ट्रिक वाहनों पर लागू नहीं होता और केवल कुछ खास बैटरी सिस्टम तक सीमित हो सकता है.
Social media पर इन दिनों एक चीनी बैटरी मैनेजमेंट ऐप (BAT-BMS) को लेकर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। इन वीडियो में दावा किया जा रहा है कि मोबाइल ऐप के जरिए चलते हुए ई-रिक्शा को बीच सड़क पर बंद किया जा सकता है। इन दावों के सामने आने के बाद इलेक्ट्रिक वाहनों की सुरक्षा को लेकर लोगों में चिंता बढ़ गई है।

जानकारी के मुताबिक BAT-BMS एक बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम (BMS) ऐप है जिसे चीन की कंपनी Shenzhen Grenergy Technology ने विकसित किया है। यह ऐप ब्लूटूथ के माध्यम से बैटरी से कनेक्ट होकर बैटरी का तापमान वोल्टेज करंट और चार्जिंग जैसी जानकारियां दिखाता है। कुछ मामलों में इससे बैटरी की चार्जिंग को नियंत्रित भी किया जा सकता है।
हालांकि ऐप की जांच में ऐसा कोई स्पष्ट विकल्प नहीं मिला जिससे सीधे ई-रिक्शा को बंद किया जा सके। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि किसी बैटरी के BMS सिस्टम में छेड़छाड़ की गई हो या ऐप के जरिए बैटरी की पावर सप्लाई रोक दी जाए तभी वाहन बंद हो सकता है।

बताया जा रहा है कि ऐसा केवल उन्हीं ई-रिक्शा में संभव हो सकता है जिनमें संबंधित कंपनी की ब्लूटूथ-सक्षम बैटरी लगी हो और जिनका सिस्टम पहले से उस ऐप से जुड़ा हो। बिना ब्लूटूथ पेयरिंग और आवश्यक अनुमति के किसी भी बैटरी तक पहुंच संभव नहीं होती।
इलेक्ट्रिक स्कूटर और इलेक्ट्रिक कारों के मामले में विशेषज्ञों का कहना है कि इनका बैटरी मैनेजमेंट सिस्टम कहीं अधिक सुरक्षित होता है। इनमें मोबाइल ऐप से कनेक्ट होने के लिए कई स्तर की सुरक्षा प्रमाणीकरण और पेयरिंग प्रक्रिया होती है। इसलिए केवल BAT-BMS app download कर किसी भी इलेक्ट्रिक स्कूटर या कार को बंद करना संभव नहीं है।

फिलहाल वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में यह कहना सही नहीं होगा कि यह ऐप सभी electric वाहनों के लिए खतरा है। हालांकि यदि किसी विशेष बैटरी सिस्टम में सुरक्षा संबंधी खामी पाई जाती है, तो संबंधित कंपनियों को उसे जल्द दूर करने की आवश्यकता होगी।
फिलहाल निष्कर्ष यही है कि BAT-BMS ऐप से सभी ईवी को हैक या बंद किए जाने का दावा सही नहीं माना जा सकता। यह जोखिम केवल सीमित परिस्थितियों और विशेष बैटरी सिस्टम तक ही हो सकता है।


