झारखंड में पीएम ग्रामीण सड़क योजना की रफ्तार बिल्कुल धीमी, रोज बन रही सिर्फ 1 किमी सड़क…

Jharkhand: झारखंड में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना (PMGSY) की प्रगति बेहद धीमी देखी जा रही है। वित्तीय वर्ष 2025-26 में 1,500 किलोमीटर सड़कों के निर्माण का लक्ष्य तय किया गया था, लेकिन तीन महीने बीत जाने के बाद सिर्फ 100 किलोमीटर सड़क ही बन पाई है। यानी औसतन हर दिन सिर्फ 1 किलोमीटर सड़क बन रही है।
इस धीमी गति को लेकर राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गए हैं। भाजपा के पूर्व विधायक अमित मंडल ने राज्य सरकार पर टेंडर में गड़बड़ी का आरोप लगाया है वहीं झामुमो प्रवक्ता मनोज पांडेय ने केंद्र पर सौतेले व्यवहार का आरोप लगाया जिससे राशि मिलने में देरी हो रही है।
इसके अलावा बारिश भी एक बड़ी चुनौती बनकर सामने आई है। अगले तीन महीने सड़क निर्माण संभव नहीं है, जिससे अब केवल छह महीने में 1,400 किमी से अधिक सड़क बनाने की चुनौती बची है।
अब तक झारखंड में PMGSY के तहत 33,198 किमी सड़क की मंजूरी दी गई है जिसमें से 30,566 किमी का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस योजना में अब तक 13,645 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं।
फेज-वार प्रगति कुछ इस प्रकार है—
फेज 1: 24,916 किमी में से 24,852 किमी पूर्ण
फेज 2: 1,633 किमी, 100% कार्य पूर्ण
फेज 3: 4,121 किमी में से केवल 1,955 किमी पूर्ण (47%)
योजना का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों को पक्की सड़कों से जोड़ना है जिससे गांवों में स्वास्थ्य, शिक्षा और बाजार तक पहुंच बेहतर हो सके। लेकिन धीमी रफ्तार से लोगों को इन सुविधाओं तक पहुंचने में अभी भी कठिनाई हो रही है।