पलामू से निकलकर Google तक का सफर: झारखंड की माटी के लाल राजेश रंजन ने बढ़ाया प्रदेश का मान

NEW DELHI / RANCHI : झारखंड को निवेश, सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) E-Governance और पर्यटन के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने की दिशा में राज्य सरकार लगातार प्रयास कर रही है. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में नई दिल्ली के होटल ताज में आयोजित दो दिवसीय नेशनल स्टेकहोल्डर्स कंसल्टेशन के पहले दिन एक ऐसा पल आया जिसने पूरे झारखंड को गर्व महसूस कराया
कार्यक्रम के दौरान Google India के हेड गवर्नमेंट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी राजेश रंजन ने मंच से कहा कि वह झारखंड के पलामू जिले के रहने वाले हैं. उनके इतना कहते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा. मंच पर मौजूद अतिथियों और श्रोताओं ने भी मुस्कुराते हुए उनका स्वागत किया
राजेश रंजन ने कहा कि उन्हें अपनी जन्मभूमि झारखंड पर गर्व है और Google राज्य के विकास में एक मजबूत भागीदार बनना चाहता है. उन्होंने भरोसा दिलाया कि कंपनी राज्य सरकार के साथ मिलकर तकनीक आधारित विकास डिजिटल परिवर्तन और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग करेगी
उन्होंने कहा कि तकनीक समाज में मौजूद असमानताओं को कम करने और सभी तक समान अवसर पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है. Google का विशेष फोकस झारखंड के युवाओं को डिजिटल स्किल रोजगार और नवाचार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना है. इसके लिए राज्य में बड़े स्तर पर स्किल डेवलपमेंट और कैपेसिटी बिल्डिंग कार्यक्रम चलाने की योजना है
राजेश रंजन के पास टेक्नोलॉजी पब्लिक पॉलिसी और सरकारी मामलों के क्षेत्र में 20 वर्षों से अधिक का अनुभव है. उन्होंने दिल्ली स्कूल ऑफ इकोनॉमिक्स से इंटरनेशनल बिजनेस में मास्टर डिग्री और दिल्ली विश्वविद्यालय से इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी में स्नातक की पढ़ाई की है
वह अगस्त 2024 से Google India में हेड गवर्नमेंट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी के पद पर कार्यरत हैं. इससे पहले जनवरी 2021 से अगस्त 2024 तक Microsoft India में डायरेक्टर कॉरपोरेट अफेयर्स एंड पब्लिक पॉलिसी के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं
इसके अलावा उन्होंने करीब साढ़े आठ वर्षों तक KPMG India में विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया जहां भारत सरकार की कई डिजिटल गवर्नेंस और ई-गवर्नेंस परियोजनाओं का नेतृत्व किया. इससे पहले वह Radials International और PE Consulting InvestintoIndia Pvt. Ltd. में भी नेतृत्वकारी भूमिकाएं निभा चुके हैं
अपने करियर की शुरुआत उन्होंने Synergy Systems & Solutions में डिज़ाइनर एवं डेवलपर के रूप में की थी. इसके अलावा वह भारत के नियंत्रक एवं महालेखापरीक्षक (CAG) कार्यालय में असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं
पलामू की धरती से निकलकर देश की अग्रणी वैश्विक टेक कंपनी Google में शीर्ष नेतृत्व तक पहुंचने वाले राजेश रंजन की उपलब्धि आज झारखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि प्रतिभा और मेहनत के दम पर छोटे शहरों से निकलकर भी वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई जा सकती है।

