पांच साल बाद फिर पूरी तरह सक्रिय हुआ झारखंड राज्य सूचना आयोग, चार सूचना आयुक्तों ने ली शपथ

RANCHI : लंबे इंतजार के बाद झारखंड राज्य सूचना आयोग एक बार फिर पूरी तरह सक्रिय हो गया है। बुधवार को रांची स्थित लोक भवन के दरबार हॉल में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्य के नवनियुक्त चारों सूचना आयुक्तों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने सभी आयुक्तों को शपथ दिलाई।
शपथ लेने वालों में वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा झामुमो के पूर्व प्रवक्ता तनुज खत्री भाजपा के पूर्व मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक और कांग्रेस के पूर्व प्रदेश महासचिव अमूल नीरज खलखो शामिल हैं। इन चारों की नियुक्ति के साथ ही करीब पांच वर्षों से अधूरी पड़ी राज्य सूचना आयोग की संरचना पूरी हो गई है जिससे आयोग अब नियमित रूप से कार्य कर सकेगा।
राज्य सरकार ने 10 जून को राज्यपाल की सशर्त स्वीकृति मिलने के बाद चारों सूचना आयुक्तों की नियुक्ति की अधिसूचना जारी की थी। शपथ ग्रहण के साथ ही उनकी नियुक्ति औपचारिक रूप से प्रभावी हो गई। इससे सूचना का अधिकार (RTI) अधिनियम के तहत लंबित मामलों की सुनवाई और अपीलों के निस्तारण में तेजी आने की उम्मीद है।
हालांकि आयोग में चार सूचना आयुक्तों की नियुक्ति हो चुकी है, लेकिन मुख्य सूचना आयुक्त (Chief Information Commissioner) का पद अभी भी खाली है। राज्य सरकार ने इस पद के लिए अब तक किसी नाम की घोषणा नहीं की है। ऐसे में आयोग का कामकाज शुरू हो गया है लेकिन शीर्ष पद पर नियुक्ति होना अभी शेष है।

