50704

गिरिडीह में तीन दिन से लापता युवक का शव जंगल से बरामद, जांच में जुटी पुलिस

खबर को शेयर करें

50704

गिरिडीह : जिले के गांडेय थाना क्षेत्र स्थित बिस्वासडीह जंगल से तीन दिनों से लापता एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान ओझाडीह निवासी शिवलाल मुर्मू के रूप में हुई है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

जानकारी के अनुसार शिवलाल मुर्मू पिछले तीन दिनों से घर से लापता था। परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल पाया था। मृतक के भाई तुथा मुर्मू ने बताया कि शिवलाल मानसिक रूप से अस्वस्थ था और उसे मिर्गी की बीमारी भी थी।

मंगलवार को स्थानीय लोगों ने बिस्वासडीह जंगल में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही गांडेय थाना प्रभारी अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान शव की पहचान शिवलाल मुर्मू के रूप में की गई।

पुलिस के अनुसार प्रारंभिक जांच में शव तीन से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है।

थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई।