55689

सरायकेला के डैम से दो दिनों से लापता 21 वर्षीय सूरज मार्डी का शव बरामद, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

खबर को शेयर करें
55689

Seraikela Breaking: सरायकेला थाना क्षेत्र के दावना गांव में शुक्रवार को उस समय सनसनी फैल गई जब दो दिनों से लापता 21 वर्षीय युवक सूरज मार्डी का शव स्थानीय डैम से बरामद हुआ। शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने शव को पानी में तैरता देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद दोपहर करीब 12:30 बजे शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया।

जानकारी के अनुसार सूरज मार्डी 24 जून को कुछ युवकों के साथ डैम में मछली पकड़ने गया था। इसके बाद वह घर वापस नहीं लौटा। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला था।

मृतक की मां ने बेटे की मौत पर संदेह जताते हुए हत्या की आशंका व्यक्त की है। उनका कहना है कि सूरज की मौत सामान्य रूप से डूबने से नहीं हुई, बल्कि इसके पीछे किसी साजिश की आशंका है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

घटना के बाद दावना गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला डूबने से मौत का प्रतीत हो रहा है लेकिन मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।