55996

कोल्हान विश्वविद्यालय में UG-PG नामांकन को लेकर छात्रों में उत्साह, अब तक 15 हजार से अधिक आवेदन

खबर को शेयर करें
55996

चाईबासा: कोल्हान विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2025-27 के स्नातक (UG) और स्नातकोत्तर (PG) पाठ्यक्रमों में नामांकन को लेकर विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिल रहा है। विश्वविद्यालय की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, चांसलर पोर्टल पर अब तक स्नातक (UG) के लिए 14,948 तथा स्नातकोत्तर (PG) के लिए 68 ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने बताया कि PG प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 24 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक विद्यार्थी 11 जुलाई 2026 तक चांसलर पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।

जारी नामांकन कार्यक्रम के अनुसार, PG की पहली मेधा सूची 15 जुलाई 2026 को प्रकाशित की जाएगी। चयनित अभ्यर्थियों का नामांकन 24 जुलाई 2026 तक पूरा कराया जाएगा। इसके बाद विश्वविद्यालय के सभी विभागों में नए शैक्षणिक सत्र की कक्षाएं 10 अगस्त 2026 से शुरू होंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार, फिलहाल UG में आवेदन की संख्या तेजी से बढ़ रही है, जबकि PG में आवेदन प्रक्रिया हाल ही में शुरू होने के कारण आवेदन अपेक्षाकृत कम हैं। अधिकारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में PG के आवेदनों की संख्या में भी बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।

विश्वविद्यालय ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना जल्द से जल्द आवेदन प्रक्रिया पूरी करें। आवेदन करते समय सभी आवश्यक दस्तावेज सही ढंग से अपलोड करें। किसी भी तकनीकी समस्या की स्थिति में विद्यार्थी हेल्पलाइन नंबर या अपने नजदीकी कॉलेज से संपर्क कर सकते हैं। विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि अंतिम तिथि के बाद चांसलर पोर्टल बंद कर दिया जाएगा और इसके बाद कोई आवेदन स्वीकार नहीं किया जाएगा।