1000263925

मुहर्रम को लेकर जमशेदपुर में विशेष ट्रैफिक प्लान लागू, 26-27 जून को कई मार्गों पर रहेगा रूट डायवर्जन

खबर को शेयर करें
1000263925

जमशेदपुर: मुहर्रम पर्व के अवसर पर 26 और 27 जून 2026 को शहर के विभिन्न अखाड़ों द्वारा ताजिया जुलूस निकाले जाएंगे। जुलूस के दौरान कानून-व्यवस्था और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए जमशेदपुर यातायात पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान जारी किया है। पुलिस ने नागरिकों से जाम और असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।

कदमा से बेलीबोधनवाला घाट जाने वाले जुलूस के दौरान परिसदन और रीगल गोलचक्कर की ओर से आने-जाने वाले वाहनों को जुलूस के बगल वाली लेन से गुजरने की अनुमति होगी। वहीं बिष्टुपुर बाजार से निकलने वाले वाहनों को वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करना होगा।

परसुडीह और जुगसलाई क्षेत्र से बेलीबोधनवाला घाट की ओर जाने वाले जुलूस के समय सुंदरनगर और भोल्टास की ओर से आने-जाने वाले वाहनों के लिए एक-लेन व्यवस्था लागू रहेगी।

साकची मोहम्मडन लाइन से निकलने वाले जुलूस के दौरान साकची-बारीडीह मुख्य मार्ग पर यातायात को हनुमान मंदिर शीतला मंदिर और दिल्ली दरबार मार्ग की ओर डायवर्ट किया जाएगा। वहीं बंगाल क्लब और पंप हाउस क्षेत्र में दोनों दिशाओं के वाहनों के लिए एक-लेन व्यवस्था लागू रहेगी।

मानगो थाना क्षेत्र का जुलूस बड़ा हनुमान मंदिर होते हुए मानगो चौक तक जाएगा जबकि आजादनगर का जुलूस ओल्ड पुरुलिया रोड और मानगो गोलचक्कर होते हुए साकची की ओर बढ़ेगा।

इस दौरान पारडीह चौक से साकची जाने वाले वाहनों को पारडीह चौक से ही डिमना चौक की ओर मोड़ दिया जाएगा। वहीं साकची से पारडीह और ओल्ड पुरुलिया रोड की ओर जाने वाले वाहनों को मानगो चौक से डिमना चौक की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।

टेल्को बारीनगर से निकलने वाला जुलूस एम टाइप चौक जी हॉस्टल चौक एन टाइप चौक और धोबी घाट होते हुए निर्धारित मार्ग से हुडको डैम तक पहुंचेगा। इस दौरान एम टाइप चौक से धोबी घाट तक सड़क पर वन-वे व्यवस्था लागू रहेगी।

यातायात पुलिस के अनुसार 26 जून को सुबह 6 बजे से दोपहर 12 बजे तक भारी वाहनों का आवागमन सामान्य रूप से जारी रहेगा। हालांकि दोपहर 1 बजे से 27 जून की सुबह 3 बजे तक सभी भारी वाहनों और मालवाहक चारपहिया वाहनों के परिचालन पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बसों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।

यातायात पुलिस ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया है कि मुहर्रम जुलूस के दौरान एम्बुलेंस फायर ब्रिगेड और अन्य आपातकालीन वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग और सुगम आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

पुलिस प्रशासन ने शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि निर्धारित ट्रैफिक प्लान का पालन करें और यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें ताकि जाम और असुविधा से बचा जा सके।