IMG 0227

यूपी चुनाव से पहले सपा में बड़ा बदलाव, कमाल अख्तर ने छोड़ा चीफ व्हिप का पद

खबर को शेयर करें
IMG 0227

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच समाजवादी पार्टी में बड़ा संगठनात्मक बदलाव देखने को मिला है। मुरादाबाद की कांठ विधानसभा सीट से विधायक कमाल अख्तर ने विधानसभा में पार्टी के मुख्य सचेतक (चीफ व्हिप) पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला पार्टी नेतृत्व की सहमति से लिया गया है और अब वह पूरी तरह आगामी विधानसभा चुनाव और अपने क्षेत्र के कामकाज पर ध्यान देंगे।

कमाल अख्तर ने बताया कि पार्टी में समय-समय पर जिम्मेदारियों में बदलाव होते रहते हैं और इसी प्रक्रिया के तहत उन्होंने यह पद छोड़ा है। वह करीब डेढ़ साल तक मुख्य सचेतक की जिम्मेदारी निभाते रहे। अब पार्टी जल्द ही नए चीफ व्हिप की घोषणा कर सकती है।

उनका इस्तीफा ऐसे समय आया है जब पिछले कुछ समय से मुरादाबाद की सांसद रुचि वीरा और कमाल अख्तर के बीच मतभेद की चर्चाएं चल रही थीं। इन खबरों के बाद पार्टी नेतृत्व ने दोनों नेताओं के साथ बैठक भी की थी। हालांकि कमाल अख्तर ने अपने इस्तीफे को पूरी तरह संगठन का फैसला बताया है और किसी भी तरह के विवाद से इनकार किया है। फिलहाल इस मामले में पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि हाल के दिनों में दोनों नेताओं के समर्थकों के बीच दूरी देखने को मिली थी। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।