IMG 0445

आदित्यपुर: इलाज में लापरवाही का आरोप, फ्रैक्चर मरीज को घंटों करना पड़ा इंतजार

खबर को शेयर करें
IMG 0445

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित शिवा नर्सिंग होम एक बार फिर विवादों में है। इचागढ़ निवासी पंचानंद कुमार मांझी के परिजनों ने अस्पताल पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हाथ में फ्रैक्चर होने के बावजूद मरीज को सुबह से शाम तक डॉक्टर का इंतजार करना पड़ा।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर कर्मचारियों ने डॉक्टर के जल्द आने का भरोसा दिया, लेकिन कई घंटे बीत जाने के बाद भी डॉक्टर नहीं पहुंचे। दर्द से परेशान मरीज को लंबे समय तक अस्पताल के बाहर इंतजार करना पड़ा।

बताया गया कि जब परिजनों ने स्थानीय पत्रकारों को इसकी जानकारी दी, तब अस्पताल प्रबंधन सक्रिय हुआ और मरीज को अंदर बुलाकर इलाज की प्रक्रिया शुरू की गई। परिजनों का आरोप है कि शिकायत सामने आने के बाद ही अस्पताल ने गंभीरता दिखाई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि इस नर्सिंग होम पर पहले भी इलाज में लापरवाही के आरोप लग चुके हैं। परिजनों ने पूरे मामले की जांच कर अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है।