1000265589

भारतीय मूल के शंख मित्रा बने दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले CEOs में शामिल, 7,750 करोड़ रुपये के पैकेज से चर्चा में

खबर को शेयर करें
1000265589

NEW DELHI : भारतीय मूल के कारोबारी शंख मित्रा इन दिनों वैश्विक कॉर्पोरेट जगत में सुर्खियों में हैं. अमेरिका की हेल्थकेयर रियल एस्टेट कंपनी Welltower के CEO शंख मित्रा को 821 मिलियन डॉलर (करीब 7,750 करोड़ रुपये) के मुआवजा पैकेज के कारण दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले अधिकारियों में गिना जा रहा है. इस सूची में उनका नाम एलॉन मस्क के बाद प्रमुख रूप से लिया जा रहा है.

साल 1981 में जन्मे शंख मित्रा का अधिकांश मुआवजा नकद नहीं, बल्कि कंपनी के शेयरों के रूप में है. उनके कुल पैकेज का करीब 99 प्रतिशत हिस्सा स्टॉक ग्रांट है. इस पैकेज का लगभग आधा हिस्सा उन्हें तभी मिलेगा, जब वे वर्ष 2031 तक वेलटॉवर के साथ बने रहेंगे. वहीं, शेष हिस्सा कंपनी के अगले पांच वर्षों में 45 प्रतिशत बाजार वृद्धि हासिल करने और प्रमुख शेयर बाजार सूचकांकों से बेहतर प्रदर्शन करने की शर्त पर मिलेगा. यानी उनका पूरा पैकेज कंपनी के प्रदर्शन और उनके दीर्घकालिक नेतृत्व से जुड़ा हुआ है.

शंख मित्रा का भारत से गहरा जुड़ाव है. उनकी शुरुआती शिक्षा पश्चिम बंगाल में हुई और उन्होंने जादवपुर यूनिवर्सिटी कोलकाता से इंस्ट्रूमेंटेशन एंड इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बैचलर ऑफ इंजीनियरिंग की डिग्री हासिल की. इसके बाद उच्च शिक्षा के लिए वे अमेरिका गए जहां कोलंबिया बिजनेस स्कूल से MBA किया.

उन्होंने अपने करियर की शुरुआत PricewaterhouseCoopers (PwC) से की और बाद में Fidelity Citadel तथा Millennium Partners जैसी प्रतिष्ठित वित्तीय संस्थाओं में काम किया. वर्ष 2016 में वे Welltower से जुड़े और अक्टूबर 2020 में कंपनी के CEO बने.

शंख मित्रा की तुलना एलॉन मस्क से किसी कारोबारी प्रतिस्पर्धा के कारण नहीं बल्कि उनके रिकॉर्ड मुआवजा पैकेज की वजह से हो रही है. Welltower के CEO के रूप में मिला उनका पैकेज उन्हें दुनिया के सबसे अधिक वेतन पाने वाले कॉर्पोरेट अधिकारियों की सूची में शीर्ष स्थानों पर पहुंचाता है. इसके साथ ही उन्होंने कई बड़ी टेक और वित्तीय कंपनियों के CEOs को भी पीछे छोड़ दिया है.