Seraikela News: अपराध पर लगाम लगाने के लिए सरायकेला पुलिस का विशेष अभियान, आदित्यपुर में निकाला पैदल मार्च

सरायकेला-खरसावां जिले में कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए पुलिस ने विशेष अभियान शुरू किया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी थाना क्षेत्रों में लगातार गश्त और पैदल मार्च किया जा रहा है, ताकि लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे और असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।
इसी क्रम में रविवार को आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इलाके के प्रमुख बाजारों, चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पैदल मार्च किया। इस दौरान पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया और पूरे क्षेत्र में अपनी सक्रिय मौजूदगी दर्ज कराई।
मार्च के दौरान पुलिस अधिकारियों ने स्थानीय लोगों और दुकानदारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। साथ ही लोगों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। अधिकारियों ने कहा कि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों में सुरक्षा की भावना बढ़ाने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे।

