Rural Digital India: अब गांवों में भी पता ढूंढना होगा आसान, हर सड़क को मिलेगा नया नाम और कोड

केंद्र सरकार गांवों में नई डिजिटल पता व्यवस्था शुरू करने की तैयारी कर रही है। इसके बाद गांव की हर सड़क और गली का अपना अलग नाम और यूनिक कोड होगा। इससे किसी भी घर या जगह तक पहुंचना पहले से आसान हो जाएगा।
इस योजना के तहत हर सड़क को सरकारी नाम दिया जाएगा और उसका एक अलग कोड भी बनाया जाएगा। अब लोगों को “स्कूल के पीछे वाली गली” या “कुएं के पास वाला रास्ता” जैसे स्थानीय नामों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
हर सड़क पर एक साइनबोर्ड लगाया जाएगा, जिस पर क्यूआर कोड होगा। मोबाइल से उसे स्कैन करते ही सड़क से जुड़ी पूरी जानकारी मिल जाएगी। इससे एम्बुलेंस, डिलीवरी करने वाले, डाक कर्मचारी और सरकारी टीमों को सही जगह तक पहुंचने में आसानी होगी।
इस योजना से विकास कार्यों में भी पारदर्शिता आएगी। हर सड़क का अलग कोड होने से एक ही सड़क के नाम पर दोबारा पैसा लेने जैसी गड़बड़ियां रोकी जा सकेंगी। सरकार धीरे-धीरे देश के सभी गांवों को इस डिजिटल व्यवस्था से जोड़ने की तैयारी कर रही है।

