बांकीपुर उपचुनाव में उम्मीदवार बदलने पर भाजपा पर बरसा राजद

PATNA : बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में भाजपा द्वारा अंतिम समय में उम्मीदवार बदलने का मामला अब राजनीतिक विवाद का रूप लेता जा रहा है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने इसे भाजपा की घबराहट और अंदरूनी असमंजस का संकेत बताते हुए पार्टी और एनडीए नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है।
राजद के मुख्य प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने शनिवार को कहा कि भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार बंटी का नामांकन कराया और बाद में उनके माता-पिता का नाम चारा घोटाले में आने की बात कही। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि यही कारण था तो टिकट देने से पहले इसकी जांच क्यों नहीं की गई।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा विपक्ष के नेताओं के मामले में नैतिकता की बात करती है लेकिन अपने नेताओं और सहयोगियों के मामले में अलग रवैया अपनाती है। शक्ति सिंह यादव ने कहा कि यदि भाजपा चारा घोटाले के आधार पर कार्रवाई की बात कर रही है तो उसे अपनी सरकार में शामिल नेताओं पर भी जवाब देना चाहिए।
राजद प्रवक्ता ने भाजपा संगठन पर भी टिप्पणी करते हुए कहा BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष की औकात बूथ अध्यक्ष जितनी भी नहीं है। बेचारे नितिन नबीन के बांकीपुर के कैंडिडेट को नामांकन के बाद हटाकर एक डमी प्रत्याशी दिया गया है। उन्होंने इसे भाजपा के अंदरूनी मतभेद का उदाहरण बताया।
उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा नेतृत्व पर भी निशाना साधते हुए कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार और नैतिकता की बात करती है लेकिन अपने नेताओं के मामलों में चुप्पी साध लेती है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि एनडीए के भीतर भी इस फैसले को लेकर असहमति है।
राजद ने आरोप लगाया कि भाजपा ने जानबूझकर कमजोर उम्मीदवार उतारा है और उम्मीदवार बदलने का फैसला उसकी कमजोर स्थिति को दर्शाता है। पार्टी ने दावा किया कि बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और महागठबंधन की जीत तय है।
हालांकि भाजपा की ओर से इन आरोपों पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

