दिल्ली प्रीमियर लीग में खेलेंगे ऋषभ पंत, तीसरे सीजन के ऑक्शन के लिए कराया रजिस्ट्रेशन

NEW DELHI : भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज ने अपनी मैच प्रैक्टिस को मजबूत करने के लिए दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) के तीसरे सीजन में खेलने का फैसला किया है। पंत ने लीग के ऑक्शन के लिए अपना नाम दर्ज करा दिया है। डीपीएल के तीसरे सीजन का खिलाड़ी नीलामी (ऑक्शन) 1 जुलाई को आयोजित होगी।
इस समय भारतीय टीम इंग्लैंड दौरे पर सीमित ओवरों की सीरीज खेल रही है, लेकिन ऋषभ पंत न तो वनडे टीम का हिस्सा हैं और न ही टी20 टीम में शामिल हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि वह घरेलू क्रिकेट में लगातार खेलकर राष्ट्रीय टीम में वापसी की तैयारी करना चाहते हैं।
ऋषभ पंत इससे पहले दिल्ली प्रीमियर लीग के पहले सीजन में भी खेल चुके हैं। उन्होंने पुरानी दिल्ली 6 की ओर से एक मुकाबला खेला था जिसके बाद टीम इंडिया से जुड़ने के कारण लीग से बाहर हो गए थे। इस बार राष्ट्रीय टीम में शामिल नहीं होने के कारण उनके पूरे सीजन में खेलने की संभावना है।
दिल्ली प्रीमियर लीग के तीसरे सीजन में पुरुष और महिला दोनों वर्गों की प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। पुरुष वर्ग में आठ और महिला वर्ग में चार टीमें हिस्सा लेंगी। ऑक्शन के लिए कुल 400 पुरुष और 200 महिला खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। रिटेंशन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है जिसमें टीमों ने 65 पुरुष और 28 महिला खिलाड़ियों को बरकरार रखा है।
महिला वर्ग में हाल ही में विश्व चैंपियन टीम का हिस्सा रहीं भी इस सीजन का हिस्सा होंगी।
पुरुष वर्ग की प्रत्येक टीम को 1.5 करोड़ रुपये का पर्स दिया गया है जबकि महिला टीमों के लिए 75 लाख रुपये का पर्स निर्धारित किया गया है। रिटेन किए गए खिलाड़ियों की राशि इसी पर्स से समायोजित की गई है और शेष रकम के साथ टीमें नीलामी में हिस्सा लेंगी।
आईपीएल की तर्ज पर खिलाड़ियों को चार श्रेणियों—मार्की ए बी और सी—में बांटा गया है। मार्की श्रेणी में भारत भारत-ए या पिछले तीन आईपीएल सीजन में खेलने वाले खिलाड़ियों को रखा गया है जिनका बेस प्राइस 10 लाख रुपये तय किया गया है। ए श्रेणी के खिलाड़ियों का बेस प्राइस 5 लाख रुपये है जबकि बी और सी श्रेणियों में दिल्ली की आयु वर्ग और स्थानीय क्रिकेट संरचना से जुड़े खिलाड़ियों को शामिल किया गया है।
अब सभी की नजरें 1 जुलाई को होने वाले ऑक्शन पर होंगी जहां यह देखना दिलचस्प होगा कि ऋषभ पंत को कौन-सी फ्रेंचाइजी अपनी टीम में शामिल करती है।

