झारखंड के 10 जिलों में भारी बारिश को लेकर रेड अलर्ट, जमशेदपुर में सबसे अधिक वर्षा दर्ज…

Jharkhand: झारखंड में मानसून की दस्तक के साथ ही पूरे राज्य में रुक-रुककर मूसलाधार बारिश हो रही है। पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश ने जनजीवन को पूरी तरह से प्रभावित कर दिया है। सड़कें जलमग्न हैं और कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है।मौसम विभाग के रांची केंद्र के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि बारिश का सिलसिला इस हफ्ते भी जारी रहेगा।
20 जून को राज्य के 10 जिलों में रेड अलर्ट जारी किया गया है। इन जिलों में रांची, कोडरमा, हजारीबाग, लातेहार, लोहरदगा, रामगढ़, खूंटी, पश्चिम सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम (जमशेदपुर) और सरायकेला-खरसावां शामिल हैं।इसके अलावा आठ जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, गुमला और सिमडेगा में ऑरेंज अलर्ट और गढ़वा एवं जामताड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बीते 24 घंटे में जमशेदपुर में सबसे अधिक 247.2 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि सरायकेला में 237.5 मिमी बारिश हुई है।21 जून को चार जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार में ऑरेंज अलर्ट और हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, देवघर व दुमका में येलो अलर्ट जारी किया गया है। कोल्हान क्षेत्र के तीन जिलों को थोड़ी राहत मिलने की संभावना जताई गई है।
22 जून को छह जिलों गढ़वा, पलामू, चतरा, देवघर, दुमका और जामताड़ा में येलो अलर्ट जारी किया गया है।प्रशासन ने सभी जिलों में लोगों से सतर्क रहने और आवश्यकतानुसार सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की है।