IMG 0344 1

रांची: खेलते समय दो साल की बच्ची ने पकड़ लिया करैत सांप, हालत गंभीर

खबर को शेयर करें
IMG 0344 1

रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र के कोकालग्राम गांव में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। घर के आंगन में खेल रही दो साल की बच्ची ने अनजाने में एक जहरीले करैत सांप को पकड़ लिया। कुछ समय बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में अस्पताल रेफर किया गया।

बताया जा रहा है कि बच्ची पूर्णिमा कुमारी अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक बड़ा करैत सांप घर में घुस आया। मासूम ने उसे खिलौना समझकर हाथ में उठा लिया और उसके साथ खेलने लगी।

जब बच्ची की मां की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने शोर मचाया। परिवार के अन्य सदस्य तुरंत मौके पर पहुंचे, बच्ची को सांप से अलग किया और सांप को पकड़कर एक घड़े में बंद कर दिया।

कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक खराब होने लगी और वह बेहोश हो गई। पहले उसे सिल्ली अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया। फिलहाल बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।