रांची: भाई को बचाने के लिए कुएं में कूदा, दोनों भाइयों की दर्दनाक मौत

रांची के अनगड़ा थाना क्षेत्र के चन्द्राटोली गांव में सोमवार सुबह एक दुखद हादसा हो गया। खेत के पास बने सिंचाई के कुएं में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, विनोद मुंडा सुबह खेत में काम करने गया था। वह कुएं से पानी निकाल रहा था, तभी अचानक उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गया। भाई को डूबता देख सुखराम मुंडा उसे बचाने के लिए तुरंत कुएं में कूद पड़ा। लेकिन कुएं में ज्यादा पानी होने के कारण दोनों बाहर नहीं निकल सके और उनकी जान चली गई।
ग्रामीणों ने बताया कि कुएं में काफी पानी भरा था। यह कुआं मनरेगा योजना के तहत बनाया गया था, लेकिन इसके चारों ओर कोई सुरक्षा दीवार या मुंडेर नहीं बनाई गई थी। लोगों का कहना है कि अगर सुरक्षा की व्यवस्था होती, तो शायद यह हादसा नहीं होता।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से दोनों भाइयों के शव कुएं से बाहर निकाले गए और पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिए गए। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जा रहा है कि विनोद मुंडा मिर्गी की बीमारी से पीड़ित था और उसकी शादी नहीं हुई थी। गांव के लोगों और जनप्रतिनिधियों ने सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा और हरसंभव मदद देने की मांग की है।

