IMG 9184

रांची : अंगदान से कई लोगों को मिल सकता है नया जीवन, जागरूकता बढ़ाना जरूरी – मुख्यमंत्री

खबर को शेयर करें
IMG 9184

झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने कहा कि अंगदान और टिश्यू डोनेशन ऐसा नेक काम है, जिससे कई जरूरतमंद लोगों की जिंदगी बचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने की जरूरत है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ सकें।

रांची के बारियातू रोड स्थित एक होटल में आयोजित ऑर्गन और टिश्यू डोनेशन पर कार्यशाला में मुख्यमंत्री ने कहा कि अंगदान केवल एक चिकित्सा प्रक्रिया नहीं है, बल्कि यह मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि किसी एक व्यक्ति के अंगदान से कई लोगों को नया जीवन और उनके परिवारों को नई उम्मीद मिल सकती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज चिकित्सा के क्षेत्र में तेजी से बदलाव हो रहे हैं। आधुनिक तकनीक की मदद से लिवर और किडनी प्रत्यारोपण जैसे जटिल इलाज संभव हो रहे हैं। झारखंड सरकार भी राज्य में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

उन्होंने कहा कि अंगदान को लेकर लोगों में फैली झिझक और गलतफहमियों को दूर करना जरूरी है। इसके लिए सरकार, अस्पतालों, सामाजिक संस्थाओं और आम लोगों को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने यह भी कहा कि किसी व्यक्ति की मृत्यु के बाद उसके परिजनों को अंगदान के महत्व के बारे में संवेदनशीलता के साथ जानकारी दी जानी चाहिए।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि अंगदान मानवता की सबसे बड़ी सेवाओं में से एक है और इससे किसी की जिंदगी में नई रोशनी लाई जा सकती है।