रांची न्यूज: सदर अस्पताल में पहली बार सफल हुई जटिल थोरेसिक डिकॉर्टिकेशन सर्जरी

राजधानी के सदर अस्पताल ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। अस्पताल में पहली बार जटिल थोरेसिक डिकॉर्टिकेशन सर्जरी सफलतापूर्वक की गई। यह ऑपरेशन धनबाद से आए एक मरीज पर किया गया, जो लंबे समय से फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी से परेशान था।
डॉक्टरों के अनुसार मरीज के फेफड़ों के आसपास मवाद और मोटी परत जम जाने से उसे सांस लेने में काफी दिक्कत हो रही थी। जांच के बाद डॉक्टरों ने सर्जरी करने का फैसला लिया। ऑपरेशन सफल रहा और मरीज की हालत में सुधार देखने को मिला। इस दौरान जरूरी जांच भी की गई।
अस्पताल प्रबंधन ने बताया कि निजी अस्पतालों में इस तरह की सर्जरी पर लाखों रुपये खर्च होते हैं, लेकिन सदर अस्पताल में मरीज का इलाज पूरी तरह नि:शुल्क किया गया। अस्पताल का दावा है कि झारखंड के किसी सरकारी अस्पताल में इस तरह की सर्जरी पहली बार सफलतापूर्वक हुई है।
इस ऑपरेशन में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम शामिल रही। अस्पताल प्रबंधन का कहना है कि इस सफलता से सरकारी अस्पतालों में लोगों का भरोसा और मजबूत होगा।

