रांची/जमशेदपुर: झारखंड में जल्द पहुंचेगा मानसून, कई जिलों में बारिश का अलर्ट

रांची/जमशेदपुर: झारखंड में जल्द पहुंचेगा मानसून, कई जिलों में बारिश का अलर्ट
झारखंड में लोगों को जल्द ही गर्मी से राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य में मानसून 14 जून तक पहुंच सकता है। पिछले कुछ दिनों से मानसून की रफ्तार धीमी थी, लेकिन अब मौस की स्थिति अनुकूल होने के कारण इसके तेजी से आगे बढ़ने की संभावना है।
राज्य के कई जिलों में अगले दो दिनों तक बारिश होने के आसार हैं। मौसम विभाग ने रांची, खूंटी, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज समेत कई जिलों में तेज बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। कुछ इलाकों में गरज के साथ बारिश और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।
विभाग के अनुसार 11 और 12 जून को कुछ जिलों में भारी बारिश हो सकती है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। वहीं राज्य के अन्य जिलों में भी हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है।
मौसम में बदलाव के कारण लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तेज हवा और बारिश के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित जगहों पर रहने की अपील की गई है। मानसून के आगमन के साथ किसानों और आम लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।


