चांडिल बांध की सड़क पर पहुंचा ‘रामलाल’ हाथी, एक घंटे तक रुका यातायात, वन विभाग ने सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ा

झारखंड:- चांडिल क्षेत्र में गुरुवार शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई जब ‘रामलाल’ नाम का जंगली हाथी भोजन की तलाश में चांडिल बांध की बायीं नहर की सर्विस सड़क पर पहुंच गया। हाथी ने सड़क किनारे लगे खजूर के पेड़ों को तोड़कर उनके तनों का गूदा खाना शुरू कर दिया। इसके कारण करीब एक घंटे तक सड़क पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह प्रभावित रही।
इस दौरान हाथी ने सड़क से गुजर रहे बांस से लदे एक ट्रैक्टर और एक हाइवा को भी धक्का मार दिया। ट्रैक्टर चालक डर के कारण वाहन छोड़कर भाग निकला, जबकि हाइवा चालक वाहन के अंदर ही सुरक्षित रहा। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। वहीं सूचना मिलने पर वन विभाग की क्विक रिस्पांस टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद हाथी को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ दिया।
वन विभाग के अनुसार ‘रामलाल’ हाथी पिछले कई दिनों से भोजन और पानी की तलाश में चाकुलिया और आसपास के इलाकों में घूम रहा है। खजूर के पेड़ों के तनों का गूदा उसका पसंदीदा भोजन है, जिसके कारण वह अक्सर आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आ जाता है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि हाथी दिखाई देने पर उसके पास जाने या उसे परेशान करने की कोशिश न करें और तुरंत वन विभाग को इसकी सूचना दें।

