रामगढ़: चुटूपालू घाटी में बेकाबू ट्रेलर ने मारी कई वाहनों को टक्कर, कई लोग घायल

रामगढ़ के चुटूपालू घाटी में बुधवार सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मशीनें लेकर जा रहा एक ट्रेलर अचानक ब्रेक फेल होने के कारण अनियंत्रित हो गया और आगे चल रहे कई वाहनों से टकरा गया। हादसे में एक यात्री बस, छह कारें और तीन मोटरसाइकिलें इसकी चपेट में आ गईं।
टक्कर इतनी तेज थी कि सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि ट्रेलर चालक समेत चार लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स अस्पताल भेजा गया है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक कार ट्रेलर के अगले पहियों के बीच फंस गई थी, लेकिन उसमें बैठे चारों लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। दुर्घटना के कारण रांची-पटना राष्ट्रीय राजमार्ग पर करीब दो घंटे तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस और एनएचएआई की टीम ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया और यातायात सामान्य कराया। शुरुआती जांच में हादसे की वजह ट्रेलर का ब्रेक फेल होना माना जा रहा है।

