रेलवे ने बढ़ाई वेटिंगलिस्ट टिकट की सीमा, अब मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों में आसानी से मिलेंगे टिकट…

Azad Reporter desk: रेलवे ने रिजर्वेशन टिकट बुकिंग के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों में वेटिंगलिस्ट टिकटों की सीमा बढ़ा दी गई है। पहले जहां वेटिंग टिकट बहुत सीमित संख्या में मिलते थे अब स्लीपर और एसी श्रेणियों में सामान्य कोटे से 40% से 60% तक ज्यादा वेटिंगलिस्ट टिकट जारी होंगे।
यह नियम राजधानी और दुरंतो ट्रेनों को छोड़कर बाकी सभी मेल-एक्सप्रेस ट्रेनों पर लागू हो गया है।
•स्लीपर और सेकेंड सीटिंग (2S) में सामान्य कोटे से 40% अधिक वेटिंगलिस्ट टिकट जारी होंगे।
•थर्ड एसी, सेकेंड एसी, एसी चेयर कार और थर्ड एसी इकोनॉमी में 60% अधिक वेटिंग टिकट जारी होंगे।
•राजधानी और दुरंतो जैसी प्रीमियम ट्रेनों में भी अब थर्ड और सेकेंड एसी में 40% तक वेटिंगलिस्ट टिकट मिलने लगे हैं।
इस बदलाव से सबसे ज्यादा राहत वेल्लूर इलाज के लिए जाने वाले मरीजों और मुंबई यात्रा करने वालों को मिली है। धनबाद-अलेप्पी एक्सप्रेस और हावड़ा-मुंबई मेल जैसी ट्रेनों में पहले दो महीने पहले ही “नो रूम” की स्थिति हो जाती थी। अब इन ट्रेनों में फिर से वेटिंग टिकट मिलने लगे हैं।
रेलवे ने जब वेटिंग टिकटों की संख्या को सीमित कर दिया था तब यात्रियों को टिकट मिलना मुश्किल हो गया था। इससे टिकट बुकिंग 20-25% तक कम हो गई थी। धनबाद जैसे बड़े आरक्षण केंद्रों पर रोजाना 700-800 टिकट के बदले सिर्फ 400-500 टिकट ही बुक हो रहे थे।
नए नियम लागू होने के बाद बुकिंग का ग्राफ दोबारा ऊपर जा रहा है। यात्रियों को अब “नो रूम” जैसी समस्या से राहत मिलने लगी है।


