भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर बागबेड़ा में विरोध प्रदर्शन, न्याय की मांग उठी

जमशेदपुर: भरत तिवारी एनकाउंटर मामले को लेकर मंगलवार को बागबेड़ा कॉलोनी में सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान शोक सभा का आयोजन किया गया और मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग उठाई गई। प्रदर्शनकारियों ने बिहार सरकार के खिलाफ नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का पुतला दहन किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता रवि शंकर सिंह, पवन ओझा और उपमुखिया संतोष ठाकुर ने संयुक्त रूप से की। विरोध प्रदर्शन में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और युवा शामिल हुए। इस दौरान लोगों ने नारेबाजी करते हुए भरत तिवारी की मौत की निष्पक्ष जांच की मांग की।
सभा के दौरान प्रदर्शनकारियों ने पोस्टर और बैनर के माध्यम से अपनी मांगें रखीं। उनका कहना था कि पूरे मामले की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए तथा दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जानी चाहिए।
वक्ताओं ने कहा कि भरत तिवारी को न्याय मिलना चाहिए और मामले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जानी चाहिए। आंदोलनकारियों ने भरत तिवारी को शहीद का दर्जा देने की भी मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। साथ ही प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर अपनी मांगों से अवगत कराया जाएगा।

