49482

मुहर्रम को लेकर कपाली में शांति समिति की बैठक, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील…

खबर को शेयर करें
49482

सरायकेला-खरसावां में आगामी मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को कपाली ओपी क्षेत्र के डांगोडीह स्थित सामुदायिक भवन में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा दोनों समुदायों के गणमान्य लोगों ने हिस्सा लिया।

बैठक में चांडिल के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ), अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ), चांडिल सर्किल इंस्पेक्टर, कपाली ओपी प्रभारी, कपाली नगर परिषद के प्रतिनिधि एवं बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सभी लोगों से आपसी भाईचारा और सौहार्द बनाए रखते हुए मुहर्रम पर्व मनाने की अपील की।

बैठक के दौरान मुहर्रम के अवसर पर निकलने वाले ताजिया जुलूस के रूट, समय और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। निर्णय लिया गया कि सभी जुलूस पूर्व निर्धारित मार्ग से ही निकाले जाएंगे और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन किया जाएगा।

पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों और शरारती गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जाएगी। सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री साझा करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की गई।

बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि मुहर्रम के दौरान जुलूस मार्गों पर बिजली, पेयजल और साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही स्वास्थ्य विभाग को भी आवश्यक तैयारियां रखने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने शांति, सद्भाव और आपसी भाईचारे के साथ मुहर्रम मनाने का संकल्प लिया। कपाली ओपी प्रभारी ने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने में आम लोगों का सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है और प्रशासन हर स्थिति पर नजर बनाए हुए है।